
यूपी – गाजियाबाद, 10 अक्टूबर। श्री धार्मिक रामलीला समिति (पंजीकृत), कविनगर की रामलीला में शनिवार को भी दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी। रामलीला मैदान में बैठने के सभी स्थान खचाखच भरे रहे। मेले में आगरा के राम बाबू के परांठे, पुरानी दिल्ली की चाट, ब्रजवासी का दूध और रबड़ी, दाल-बाटी, बंटी चाप के व्यंजन, पंछी कुल्फी की तिल्ला कुल्फी, मूंग दाल चीला, अग्रवाल कैटर्स की मारवाड़ी थाली, राजस्थानी रेस्टोरेंट की प्याज कचौरी व मिर्ची बड़ा और सीता रसोई की 50 रुपये की थाली आकर्षण का केंद्र रहे।
मैदान के मध्य फव्वारे के बीच महाकाल का प्रतिरूप और रामलीला मंच तक पहुंचने के लिए बनाया गया रामसेतु मार्ग भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहा।

पार्किंग की समस्या को देखते हुए गाजियाबाद यातायात पुलिस और समिति के संयुक्त प्रयास से कलेक्ट्रेट परिसर की बहुमंजिला पार्किंग आम जनता के लिए शाम छह बजे से रात 12 बजे तक खोल दी गई। रविवार से पार्किंग टिकट धारकों को पार्किंग स्थल से रामलीला मैदान के मुख्य द्वार संख्या एक तक आने-जाने के लिए समिति की ओर से निशुल्क ई-रिक्शा सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।

समिति के कार्यकारी अध्यक्ष विपुल कुमार शर्मा और कार्यकारी महामंत्री पवन गुप्ता ने बताया कि इस व्यवस्था से आसपास रहने वाले लोगों को राहत मिलेगी। इस अवसर पर अजय जैन, विनय जिंदल, मुकेश सिंघल, सचिन कुमार, कुंवर सिंह, जतिन, दीपक, सम्यक जैन और विकास शर्मा सहित अन्य कार्यकारिणी सदस्य, मनोनीत सदस्य एवं सहयोगी सदस्य उपस्थित रहे।

