करवा चौथ से दीवाली तक की खरीदारी एक छत के नीचे, 12 अक्टूबर को फीमऑरा प्रदर्शनी

ऑर्नेट पैलेस में लगेगा फैशन, आभूषण और उपहारों का मेला, प्रवेश निःशुल्क

यूपी – गाजियाबाद। करवा चौथ और दीवाली के त्योहारों के साथ शादी के मौसम की खरीदारी को खास बनाने के लिए 12 अक्टूबर को राजनगर स्थित ऑर्नेट पैलेस, सेक्टर-10 में फीमऑरा फेस्टिव एवं वेडिंग प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। फीमऑरा की ओर से भारतीय वैश्य ग्लोबल फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित यह प्रदर्शनी सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक चलेगी। इसमें सभी के लिए प्रवेश निःशुल्क रहेगा।

प्रदर्शनी में महिलाओं और पुरुषों के पारंपरिक परिधान, फैशन, आभूषण, सौंदर्य एवं साज-सज्जा के उत्पाद, घर की सजावट का सामान, उपहार, बैग, जूते और त्योहारों से जुड़े विशेष उत्पाद उपलब्ध होंगे। आयोजन का उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं, महिला-पुरुष उद्यमियों और छोटे कारोबारियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री के लिए मंच प्रदान करना है।

कार्यक्रम में भारत सरकार के उप महानिदेशक जितेन्द्र गर्ग मुख्य अतिथि तथा संस्कार उपवन के संस्थापक नवनीतप्रिय दास विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा सीए डॉ. विनय मित्तल, अखिलेन्द्र गर्ग, सौरभ अग्रवाल, अनुराग अग्रवाल, देवेन्द्र हितकारी, सीए डॉ. अंशुल मित्तल, अंजू मित्तल, गोपाली गोयल और सृष्टि अग्रवाल भी मौजूद रहेंगे।

आयोजकों के अनुसार, खरीदारी करने वालों के लिए 500 उपहार वितरित किए जाएंगे। 1,500 रुपये या उससे अधिक की खरीद पर उपहार कूपन मिलेगा। वहीं, प्रत्येक 5,000 रुपये की खरीद पर लकी ड्रॉ कूपन दिया जाएगा। हर घंटे होने वाले लकी ड्रॉ के विजेता को लगभग 3,000 रुपये तक का उपहार मिलेगा।

सीए डॉ. विनय मित्तल ने शहरवासियों से सपरिवार प्रदर्शनी में पहुंचने और स्थानीय उद्यमियों को प्रोत्साहित करने की अपील की।