दिनेश कुमार गोयल के जन्मदिन पर दोहरी खुशी, भाजपा ने दूसरी बार बनाया एमएलसी प्रत्याशी

यूपी – गाजियाबाद। विधान परिषद सदस्य एवं शिक्षाविद दिनेश कुमार गोयल का जन्मदिन उनके समर्थकों के लिए दोहरी खुशी लेकर आया। जन्मदिन के अवसर पर ही भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें मेरठ-सहारनपुर स्नातक सीट से दूसरी बार विधान परिषद प्रत्याशी घोषित कर दिया। प्रत्याशी बनाए जाने की जानकारी मिलते ही उनके समर्थकों में उत्साह का माहौल बन गया और दिनभर बधाई देने वालों का सिलसिला चलता रहा।

दिनेश कुमार गोयल भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता होने के साथ ही शिक्षाविद और समाजसेवी के रूप में भी सक्रिय हैं। वे विभिन्न धार्मिक, शिक्षण एवं सामाजिक संगठनों से जुड़े हुए हैं। शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को लेकर भी वे लगातार कार्य करते रहे हैं।

विधान परिषद सदस्य बनने के बाद दिनेश कुमार गोयल ने घोषणा की थी कि वे एमएलसी के रूप में मिलने वाले वेतन से स्वयं के लिए कोई धनराशि नहीं लेंगे। उन्होंने अपना वेतन गरीब बच्चों की शिक्षा पर खर्च करने का निर्णय लिया था। इसके माध्यम से जरूरतमंद बच्चों की पढ़ाई में सहयोग किया जा रहा है।

भाजपा द्वारा दूसरी बार मेरठ-सहारनपुर स्नातक सीट से प्रत्याशी घोषित किए जाने की खबर मिलते ही समर्थकों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने इसे दिनेश कुमार गोयल के प्रति पार्टी के विश्वास और उनके कार्यों की मान्यता बताया। जन्मदिन और दोबारा प्रत्याशी बनाए जाने के अवसर पर दिनभर उनके आवास एवं कार्यालय पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।

समर्थकों ने दिनेश कुमार गोयल को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने के साथ ही भाजपा द्वारा दूसरी बार प्रत्याशी बनाए जाने पर भी बधाई दी। इस दौरान समर्थकों ने उनके उज्ज्वल भविष्य और आगामी चुनाव में सफलता की कामना की।