
यूपी – गाजियाबाद। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस एवं राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शनिवार, 29 अगस्त 2026 को गुरुकुल द स्कूल में बालक वर्ग की हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन हॉकी गाजियाबाद एवं खेल निदेशालय के संयुक्त तत्वावधान में हुआ।
प्रतियोगिता में गुरुकुल द स्कूल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में 2-0 से जीत दर्ज कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। जीकेजी स्कूल की टीम द्वितीय स्थान पर रही, जबकि शम्भू दयाल इंटर कॉलेज, गाजियाबाद ने तृतीय स्थान हासिल किया।
पारितोषिक वितरण समारोह में चिरंजीव विहार-अवंतिका के पार्षद मनोज त्यागी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जिला खेलकूद अधिकारी राममिलन ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर हॉकी गाजियाबाद के सचिव राकेश शर्मा, हेड टेक्निकल कमेटी पंकज त्यागी, सह सचिव राजीव त्यागी, कमर आलम, नीरज कुमार, योगेंद्र मलिक, संजीव कुमार, पंकज, हरिनाथ, केशव, संजीव शर्मा सहित अन्य खेल प्रेमी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

