स्वाइन फ्लू की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने एमएमजी अस्पताल का किया निरीक्षण

एमएमजी अस्पताल में स्वाइन फ्लू के लिए 10 बेड आरक्षित

यूपी – गाजियाबाद। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मादड़ ने शनिवार को जिला चिकित्सालय एमएमजी अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं और स्वाइन फ्लू से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने फ्लू वार्ड का निरीक्षण करते हुए स्वाइन फ्लू के मरीजों के उपचार के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि अस्पताल में स्वाइन फ्लू के लिए 10 बेड आरक्षित किए गए हैं। वार्ड में ऑक्सीजन, आवश्यक दवाइयों और अन्य चिकित्सीय संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता है। जिलाधिकारी ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत कर उपचार एवं सुविधाओं की जानकारी ली। मरीजों ने अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं पर संतोष जताया।

रविंद्र कुमार मादड़ ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक से कूलर, पंखे, बिजली और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए जरूरत पड़ने पर तत्काल मांग पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन नई बिल्डिंग का भी निरीक्षण किया और निर्माण से संबंधित सभी एस्टिमेट, स्वीकृत कार्यों तथा वर्तमान कार्यों का पूरा विवरण उपलब्ध कराने को कहा।

मीडिया से बातचीत में जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में स्वाइन फ्लू के जिन मरीजों की सूचना मिली थी, वे वर्तमान में अपने घरों पर स्वस्थ हैं और एमएमजी अस्पताल में अभी कोई स्वाइन फ्लू मरीज भर्ती नहीं है। स्वाइन फ्लू संबंधी जानकारी व सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 08826294546 जारी किया गया है।