शालीमार गार्डन में अवैध निर्माण पर जीडीए ने चलाया बुलडोजर

यूपी – गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने शालीमार गार्डन क्षेत्र में बिना मानचित्र स्वीकृत कराए किए जा रहे अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भूखंड संख्या ए-126, शालीमार गार्डन मेन पर निर्माण को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई 27 अगस्त को उपाध्यक्ष के निर्देशों के अनुपालन में की गई।

प्रभारी प्रवर्तन जोन-08 के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम, 1973 की सुसंगत धाराओं के तहत ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया। जीडीए के अनुसार संबंधित भूखंड पर बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण कराया जा रहा था, जिसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।

ध्वस्तीकरण के दौरान निर्माणकर्ता ने कार्रवाई का विरोध किया। इस दौरान प्राधिकरण पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए अभियान को जारी रखा। कार्रवाई के समय प्रवर्तन जोन-08 का समस्त स्टाफ, प्राधिकरण पुलिस बल तथा प्राधिकरण का प्रवर्तन दस्ता मौके पर मौजूद रहा।

जीडीए ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण और अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। आगामी माह में भी विभिन्न क्षेत्रों में अवैध निर्माणों के विरुद्ध ध्वस्तीकरण एवं सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी। प्राधिकरण ने लोगों से स्वीकृत मानचित्र और नियमों के अनुरूप ही निर्माण कराने की अपील की है।