
यूपी – गाजियाबाद। हाई-टेक इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के सावित्री ऑडिटोरियम में प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों के लिए औद्योगिक विशेषज्ञ वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता जेएसडब्ल्यू स्टील लिमिटेड के डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर, कर्नाटक सरकार के विजन ग्रुप के सदस्य एवं एसोचैम टास्क फोर्स के चेयरमैन डॉ. विनोद नोवाल रहे।
कार्यक्रम में संस्थान के चेयरमैन आनंद प्रकाश, एडवाइजर सुनील सैगल और निदेशक डॉ. पंकज कुमार मिश्रा उपस्थित रहे। निदेशक डॉ. पंकज कुमार मिश्रा ने मुख्य वक्ता एवं अतिथियों का स्वागत किया।
डॉ. विनोद नोवाल ने विद्यार्थियों को करियर निर्माण, उद्योगों की अपेक्षाओं, रोजगार के लिए आवश्यक कौशल, नेतृत्व क्षमता, नवाचार और निरंतर सीखने के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि करियर की तैयारी अंतिम वर्ष का इंतजार किए बिना प्रथम वर्ष से ही शुरू कर देनी चाहिए। उन्होंने तकनीकी ज्ञान के साथ कम्युनिकेशन स्किल्स, लीडरशिप, प्रॉब्लम सॉल्विंग, टीमवर्क और प्रोफेशनल एटीट्यूड विकसित करने पर जोर दिया।
चेयरमैन आनंद प्रकाश ने विद्यार्थियों को विशेषज्ञों के अनुभवों से सीखने के लिए प्रेरित किया, जबकि एडवाइजर सुनील सैगल ने लक्ष्य के प्रति निरंतर मेहनत करने का संदेश दिया। निदेशक डॉ. पंकज कुमार मिश्रा ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्योग के अनुरूप सफल और जिम्मेदार प्रोफेशनल बनाना है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, फैकल्टी सदस्यों एवं स्टाफ ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

