
यूपी – गाजियाबाद। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) की 35वीं वार्षिक आम सभा एवं एमएसएमई पुरस्कार-2026 समारोह का आयोजन 01 सितंबर को ग्रेटर नोएडा स्थित द वेडिंग्स डॉट में किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में देशभर से 1000 से अधिक एमएसएमई उद्यमी शामिल होंगे। आईआईए गाजियाबाद चैप्टर से भी 100 से 150 पदाधिकारी एवं उद्यमी प्रतिभाग करेंगे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह होंगे। आयोजन की थीम “एमएसएमई विकास, वैश्विक प्रतिस्पर्धा और विकसित भारत/2047” रखी गई है। कार्यक्रम में खुला संवाद, तकनीकी सत्र, नेटवर्किंग तथा एमएसएमई पुरस्कार प्रमुख आकर्षण होंगे। विशेषज्ञ राहुल जैन व्यवसाय विकास एवं विस्तार मॉडल पर विशेष सत्र लेंगे। व्यापार सुगमता, भुगतान में देरी, तकनीकी उन्नयन, निर्यात, हरित विनिर्माण, महिला उद्यमिता और सरकारी योजनाओं पर भी चर्चा होगी।
इस अवसर पर उत्कृष्ट उद्यमियों को एमएसएमई पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया जाएगा। आईआईए की 58वीं मंथन बैठक में ऊर्जा बचत एवं एनर्जी ऑडिट के जरिए उद्योगों की लाभप्रदता बढ़ाने पर डॉ. सी.एस. आजाद और डॉ. आर.के. यादव ने जानकारी दी।
प्रेस वार्ता में निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. नीरज सिंघल, राकेश अनेजा, अमित नागलिया, संजय अग्रवाल, मनोज कुमार, हर्ष अग्रवाल, कुलदीप अत्री, दिनेश गर्ग और संजय गर्ग ने आयोजन की जानकारी दी।

