रोटरी क्लब गाजियाबाद विकास के रक्तदान शिविर में 30 यूनिट रक्त संग्रहित

यूपी गाजियाबाद। रोटरी क्लब ऑफ गाजियाबाद विकास द्वारा HRIT विश्वविद्यालय, दुहाई में आयोजित रक्तदान शिविर में 30 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। मानव सेवा और जरूरतमंद मरीजों के लिए आयोजित शिविर का शुभारंभ रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3012 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रो. अमित गुप्ता ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

अमित गुप्ता ने रक्तदान को महादान बताते हुए युवाओं से नियमित रक्तदान करने और इसके प्रति समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। शिविर में HRIT विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रक्त संग्रहण का कार्य वरदान मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल, गाजियाबाद की विशेषज्ञ चिकित्सक टीम ने किया।

रक्तदान से पूर्व विद्यार्थियों की हेपेटाइटिस-बी, हेपेटाइटिस-सी, एचआईवी, मलेरिया, सिफिलिस, हीमोग्लोबिन और ब्लड ग्रुप की निःशुल्क जांच की गई। सभी चिकित्सकीय मानकों को पूरा करने वाले स्वस्थ विद्यार्थियों का ही रक्त लिया गया।

शिविर को सफल बनाने में प्रो. डी.के. शर्मा, डॉ. अंजुल अग्रवाल और डॉ. विनोद कुमार का विशेष योगदान रहा। क्लब अध्यक्ष रो. कैलाश चंद मंगला ने HRIT विश्वविद्यालय और वरदान मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल का आभार व्यक्त किया। सहायक गवर्नर रो. अनुराग अग्रवाल का स्वागत क्लब सचिव रो. नरेश जिंदल ने किया।

कार्यक्रम में रेखा गर्ग, योगेश गर्ग, दिनेश गर्ग, कुलदीप कहोली, विनीत माहेश्वरी, सतीश अग्रवाल, आलोक गर्ग और कैलाश गोयल उपस्थित रहे। संचालन रो. अनिल गर्ग ने किया। समाचार संजय अग्रवाल, मीडिया प्रभारी ने प्रेषित किया।