बिराज फाउंडेशन और गणेश हॉस्पिटल की पिंक सेफ्टी ड्राइव, छात्राओं को गुड टच-बैड टच की जानकारी

यूपी गाजियाबाद। बिराज फाउंडेशन और गणेश हॉस्पिटल की ओर से पटेल नगर स्थित चौधरी छबील दास स्कूल में पिंक सेफ्टी ड्राइव के तहत छात्राओं के लिए जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और किसी भी अनुचित व्यवहार की पहचान कर समय रहते उचित कदम उठाने के लिए तैयार करना रहा।

कार्यक्रम में डॉ. मोनिशा शर्मा और डॉ. निशा ने छात्राओं को गुड टच और बैड टच के बीच अंतर समझाते हुए व्यक्तिगत सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बच्चों को छोटी उम्र से ही सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श की जानकारी होना जरूरी है, ताकि वे असहज या अनुचित व्यवहार को पहचान सकें और उसके खिलाफ आवाज उठा सकें।

विशेषज्ञों ने छात्राओं को समझाया कि शरीर की निजी सीमाओं का सम्मान करना और किसी भी अनुचित स्पर्श को स्वीकार न करना आवश्यक है। यदि कोई व्यक्ति असहज महसूस कराए तो तत्काल वहां से हटकर अपने माता-पिता, शिक्षक या किसी भरोसेमंद परिवारजन को इसकी जानकारी देनी चाहिए। छात्राओं को आपात स्थिति में आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने और जरूरत पड़ने पर सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।

बिराज फाउंडेशन के संस्थापक डॉ. बिराज सिंह ने बताया कि संस्था पिंक सेफ्टी ड्राइव के माध्यम से बच्चों के लिए लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इनमें गुड टच-बैड टच के साथ मानसिक तनाव और मासिक धर्म स्वच्छता जैसे विषयों पर भी जानकारी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि इन सामाजिक जागरूकता अभियानों में गणेश हॉस्पिटल का पूरा सहयोग मिल रहा है।