
यूपी – गाजियाबाद। वसुंधरा स्थित मेवाड़ लॉ इंस्टीट्यूट के विद्यार्थियों ने बार एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित नेशनल रूल ऑफ लॉ कन्वेंशन-2026 में उत्साहपूर्वक सहभागिता कर संस्थान का नाम रोशन किया। नई दिल्ली स्थित इंडिया हैबिटेट सेंटर में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में मेवाड़ लॉ इंस्टीट्यूट के 24 विधि विद्यार्थियों ने प्रतिनिधित्व किया।
सम्मेलन का मुख्य विषय “आर्थिक लचीलेपन, नवाचार एवं सतत विकास के लिए विधि के शासन की रूपरेखा तथा संस्थागत क्षमता निर्माण” रहा। आयोजन में “नेशन फर्स्ट” की भावना को भी प्रमुखता से रखा गया। देशभर से विधि एवं न्याय क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों, शिक्षाविदों और विद्यार्थियों ने सम्मेलन में भाग लिया।

विभिन्न सत्रों में विद्यार्थियों को विधि के शासन, कानूनी ढांचे, सुशासन, संस्थागत क्षमता निर्माण तथा समकालीन राष्ट्रीय मुद्दों की जानकारी मिली। विशेषज्ञ वक्ताओं के विचारों से उन्हें कानून के व्यावहारिक और व्यापक पक्षों को समझने का अवसर प्राप्त हुआ।
मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की निदेशक डॉ. अलका अग्रवाल ने कहा कि इस सहभागिता से विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की कानूनी गतिविधियों को समझने, नए दृष्टिकोण विकसित करने तथा पेशेवर ज्ञान और अनुभव अर्जित करने का महत्वपूर्ण अवसर मिला। विद्यार्थियों ने सम्मेलन को ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायी अनुभव बताया।

