ऋषिकेश ऑल इंडिया कराटे चैंपियनशिप में गाजियाबाद के खिलाड़ियों ने जीते तीन पदक

यूपीगाजियाबाद। ऋषिकेश में 22 और 23 अगस्त 2026 को आयोजित द्वितीय ऑल इंडिया कराटे चैंपियनशिप में गाजियाबाद कराटे स्कूल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण और दो रजत पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में देश के नौ राज्यों से 440 से अधिक खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।

महासचिव शिहान नरेंद्र सिंह ने बताया कि चैंपियनशिप का आयोजन राजेंद्र गुप्ता के नेतृत्व तथा महासचिव संजीव कुमार जांगरा की देखरेख में किया गया। प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में महाराष्ट्र और गोवा के पूर्व राज्यपाल तथा उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी मुख्य अतिथि रहे।

गाजियाबाद कराटे स्कूल के पांच खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया। इनमें रौनक सिंह ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि शौर्य श्रीवास्तव और रितेश ने रजत पदक जीतकर गाजियाबाद का नाम रोशन किया।

खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर गाजियाबाद कराटे स्कूल के अध्यापक आरके सप्रू ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं। शिहान नरेंद्र सिंह ने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है कि उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में पदक जीतकर गाजियाबाद को गौरवान्वित किया।