
यूपी – गाजियाबाद। शिवशक्ति धाम डासना के पीठाधीश्वर एवं श्रीपंचदशनाम जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरी ने बुधवार को आरडीसी राजनगर में प्रेस वार्ता कर ‘मुस्लिम मुक्त सनातन वैदिक राष्ट्र’ की मुहिम की घोषणा की। उन्होंने कहा कि उनके शिष्यों का एक समूह देशभर के हिंदू धर्मगुरुओं से संपर्क कर सनातन वैदिक राष्ट्र के विषय पर विचार-विमर्श करेगा।
प्रेस वार्ता में श्री महाकाली पीठ हनुमत धाम मुरादनगर की पीठाधीश्वर एवं श्रीपंचदशनाम जूना अखाड़े की महामंडलेश्वर यति मां प्रत्यंगिरा गिरी, यति यतींद्रानंद गिरी तथा अनिल यादव ‘छोटे नरसिंहानंद’ मौजूद रहे।
यति नरसिंहानंद गिरी ने कहा कि उनके अनुसार वर्तमान राजनीतिक व्यवस्था हिंदू समाज की समस्याओं का समाधान करने में विफल रही है। उन्होंने इजरायल की तर्ज पर हिंदुओं के लिए अलग राष्ट्र की आवश्यकता बताते हुए अपनी मुहिम को आगे बढ़ाने की बात कही।
उन्होंने बताया कि यति यतींद्रानंद गिरी उनका संदेश देश के विभिन्न धर्मगुरुओं तक पहुंचाएंगे, जबकि यति मां प्रत्यंगिरा गिरी इस अभियान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उठाने का कार्य करेंगी। प्रेस वार्ता में इस अभियान से संबंधित उनका पत्र भी जारी किया गया। वक्ताओं ने कहा कि उनका लक्ष्य सनातन वैदिक राष्ट्र की स्थापना के लिए व्यापक जन और धार्मिक विमर्श खड़ा करना है।

