शहीद भगत सिंह की प्रतिमा से होर्डिंग हटाने की मांग, शमशेर राणा ने सौंपा ज्ञापन

यूपी गाजियाबाद। गाजियाबाद महानगर के पूर्व मेयर प्रत्याशी शूटर शमशेर राणा ने घंटाघर चौराहे पर स्थापित शहीद भगत सिंह की प्रतिमा के चारों ओर लगे बैनर और होर्डिंग हटाने की मांग उठाई है। उन्होंने नगर निगम के नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक और महापौर सुनीता दयाल को ज्ञापन सौंपकर प्रतिमा के आसपास लगी प्रचार सामग्री को तत्काल हटाने की मांग की।

शमशेर राणा ने बताया कि सुबह भ्रमण के दौरान उन्होंने देखा कि बड़े-बड़े होर्डिंग और बैनर लगने से शहीद भगत सिंह की प्रतिमा लगभग पूरी तरह ढक गई है, जिससे लोगों को उनके दर्शन तक नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह देश के महान स्वतंत्रता सेनानी का अपमान है और इससे नागरिकों में रोष है। उनका कहना है कि पूर्व में भी वे स्वयं इस तरह की प्रचार सामग्री हटाते रहे हैं, लेकिन फिर से प्रतिमा के आसपास होर्डिंग लगा दिए गए हैं।

उन्होंने नगर निगम से सभी प्रचार सामग्री तत्काल हटाने तथा भविष्य में शहर की किसी भी महापुरुष की प्रतिमा के आसपास बैनर या होर्डिंग नहीं लगाने की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की। इस दौरान उन्होंने नारा दिया, “होर्डिंग हटाओ, शहीदों का सम्मान बचाओ।”