
यूपी – गाजियाबाद। रोटरी क्लब गाजियाबाद नॉर्थ की वर्ष 2026-27 की इंस्टॉलेशन सेरेमनी रविवार को राज दरबार बैंक्वेट हॉल में आयोजित हुई। समारोह में संजीव जैन ने 17 सदस्यीय टीम के साथ अध्यक्ष पद का कार्यभार ग्रहण किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रोटरी मंडल 3012 के मंडलाध्यक्ष अमित गुप्ता तथा विशिष्ट अतिथि अजय शर्मा रहे।
इंस्टॉलेशन से पहले हुई गवर्नर ऑफिशियल विजिट में संजीव जैन ने वर्ष 2026-27 के सामाजिक सेवा कार्यक्रमों की जानकारी दी। इस अवसर पर क्लब ने जरूरतमंदों को व्हीलचेयर प्रदान की तथा तीन विद्यार्थियों की एक वर्ष की फीस संबंधित स्कूल की प्रधानाचार्या को सौंपी।
निवर्तमान अध्यक्ष पुनीत अग्रवाल ने वर्ष 2025-26 में किए गए सेवा कार्यों का विवरण देते हुए बताया कि क्लब को रोटरी मंडल 3012 की ओर से कोहिनूर प्रेसिडेंट, सचिव एवं क्लब सम्मान प्राप्त हुआ। कार्यक्रम का संचालन पवन कोहली और सचिन गुप्ता ने किया, जबकि सचिव शिशिर अग्रवाल ने जुलाई माह की प्रस्तावित गतिविधियों की जानकारी दी। आरसीसी क्लब के बच्चों ने लघु नाटिका के माध्यम से ई-वेस्ट प्रबंधन, साइबर अपराध से बचाव और यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया।
समारोह में के.डी.एस. जग्गी, विजय माहेश्वरी, रजत गुप्ता, सुधीर गुप्ता, रजत जिंदल, आलोक गर्ग, विवेक अग्रवाल, दीपक सरन, सुधीर पाठक, अनुपम जैन, राजन जैन सहित क्लब के लगभग 47 सदस्यों ने भाग लिया।

