
यूपी – गाजियाबाद। कथाकार से.रा. यात्री की जयंती पर आयोजित ‘कथा संवाद’ में साहित्यकारों ने उनके साहित्य, व्यक्तित्व और योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में ‘कथा रंग’ की ओर से नई कहानी प्रतियोगिताओं एवं पुरस्कारों की घोषणा भी की गई।
वरिष्ठ साहित्यकार ममता कालिया ने कहा कि से.रा. यात्री की संवेदनशीलता उनके लेखन के साथ-साथ उनके निजी जीवन में भी दिखाई देती थी और यही उनकी सबसे बड़ी विशेषता थी। विभूति नारायण राय ने कहा कि यात्री का लेखन उनकी निर्भीक साहित्यिक यात्रा का प्रमाण है। अशोक मैत्रेय ने कहा कि यात्री ने सामान्य व्यक्ति के संघर्ष, संवेदना और बदलते सामाजिक यथार्थ को पूरी प्रामाणिकता से अभिव्यक्त किया।

कार्यक्रम में डॉ. बीना शर्मा ने कहानी ‘आकाशचारी’ का पाठ किया। कमलेश भट्ट ‘कमल’, अशोक मिश्र, नवोदित, अक्षयवर नाथ श्रीवास्तव और अनिल शर्मा ने यात्री से जुड़े संस्मरण साझा किए। कमलेश भट्ट ‘कमल’ की पुस्तक ‘किताबों की जगमग दुनिया’ का लोकार्पण हुआ, जबकि राहुल शिवाय ने पुस्तक की विशेषताओं पर प्रकाश डाला। ‘कथा रंग’ ने कहानी प्रतियोगिता के विजेताओं वंदना वाजपेई, सिनीवाली और रिंकल शर्मा को सम्मानित किया। आलोक यात्री और कमलेश भट्ट ‘कमल’ ने वर्ष 2024-25 की कहानी प्रतियोगिता के परिणाम घोषित किए।
दूसरे सत्र में रेनू अंशुल, डॉ. अजय गोयल, रश्मि वर्मा और शिवराज सिंह की कहानियों पर चर्चा हुई। डॉ. निधि अग्रवाल ने कहा कि ऐसे आयोजन नए रचनाकारों को दिशा देते हैं। सुभाष चंदर, सुरेंद्र सिंघल, बख्तावर हनीफ, सिनीवाली, विनय विक्रम सिंह, प्रदीप भट्ट और वागीश शर्मा ने विचार रखे। संचालन आलोक यात्री और रिंकल शर्मा ने किया। अशोक गुप्ता ने ‘कथा रंग’ की भावी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में आलोक यादव, वी.के. शेखर, रवि पाराशर, डॉ. रत्नापन्निकर, डॉ. वीना मित्तल, सरवर हसन, सुभाष अखिल, प्रताप सिंह, आलोक शुक्ला, डॉ. सुधीर त्यागी, डॉ. ईश्वर सिंह तेवतिया, अनिमेष शर्मा ‘आतिश’, तुलिका सेठ, राधा रमण, प्रवीण त्रिपाठी, डॉ. संजय शर्मा, डॉ. माला शर्मा, अविनाश शर्मा, शकील अहमद, तेजवीर सिंह, पराग कौशिक, टेकचंद, डॉ. शकीला बानो, राजीव शर्मा, आशु गोस्वामी, प्रभात चौधरी, मनीषा गुप्ता और जोया सहित बड़ी संख्या में साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे।

