
यूपी – गाजियाबाद। श्री धार्मिक रामलीला समिति, कवि नगर के पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं की ओर से जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर आगामी रामलीला का आयोजन पूर्ववत समिति के नेतृत्व में कराने की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि समिति वर्षों से भगवान श्रीराम के आदर्शों, भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं के संरक्षण का कार्य करती आ रही है तथा इसकी रामलीला शहर की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान बन चुकी है।
ज्ञापन में समिति के अध्यक्ष ललित जायसवाल के नेतृत्व पर विश्वास जताते हुए कहा गया कि उनके नेतृत्व में इस वर्ष भी रामलीला का आयोजन भव्य, अनुशासित और गरिमामय ढंग से कराया जा सकता है। वहीं महामंत्री भूपेंद्र चोपड़ा के संगठन कौशल और समन्वय क्षमता की भी सराहना की गई।
ज्ञापन में हाल के दिनों में समिति को लेकर सामने आए मतभेदों का समाधान आपसी संवाद, संगठनात्मक मर्यादा और विधिसम्मत प्रक्रिया से कराने की मांग की गई। साथ ही कहा गया कि किसी भी प्रकार के विवाद से धार्मिक परंपराओं, सामाजिक सौहार्द और समिति की प्रतिष्ठा प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन से अनुरोध किया कि समिति के सुचारु संचालन और आगामी रामलीला के शांतिपूर्ण एवं सफल आयोजन के लिए आवश्यक सहयोग और संरक्षण प्रदान किया जाए, ताकि गाजियाबाद की ऐतिहासिक रामलीला परंपरा निर्बाध रूप से जारी रह सके।

