
गाजियाबाद। गाजियाबाद नगर निगम ने रविवार को वृहद पौधारोपण अभियान के तहत शहर के 100 वार्डों और पांचों जोन में 1.41 लाख पौधे लगाकर शासन का लक्ष्य पूरा किया। विजयनगर स्थित आर्मी लैंड में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में सुनीता दयाल, राहुल पाण्डेय, विक्रमादित्य सिंह मलिक, नंदकिशोर कलाल, सौरभ कुमार, जंग बहादुर यादव, पार्षदों, नगर निगम व गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के अधिकारियों तथा विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने पौधारोपण किया। कार्यक्रम की व्यवस्थाएं नरेंद्र कुमार चौधरी और डॉ. अनुज ने संभालीं।
कार्यक्रम में सुनीता दयाल ने पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण के साथ उनके संरक्षण का भी आह्वान किया। विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि नगर निगम ने शहर के सभी वार्डों में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से 1.41 लाख पौधे लगाए हैं। उन्होंने बताया कि विजयनगर आर्मी लैंड की शेष 48 एकड़ भूमि पर नवंबर तक छह लाख से अधिक पौधे लगाने की प्रक्रिया जारी है, जिससे क्षेत्र में विशाल हरित वन विकसित होगा।
राहुल पाण्डेय ने नगर निगम के प्रयासों की सराहना करते हुए पौधों की देखभाल को सभी की जिम्मेदारी बताया। नंदकिशोर कलाल ने नगर निगम और जीडीए के संयुक्त अभियान की प्रशंसा की, जबकि सौरभ कुमार ने पर्यावरण संरक्षण और शहर के विकास के लिए किए जा रहे इस अभियान को सराहनीय बताया। वार्ड-78 शालीमार गार्डन में पौधारोपण के साथ विशेष सफाई अभियान और नुक्कड़ नाटक का भी आयोजन किया गया।

