
यूपी – गाजियाबाद। भारतीय किसान यूनियन (अनाज) की जनपद गाजियाबाद इकाई की बैठक रविवार को मुरादनगर ब्लॉक के ग्राम मिलकचकरपुर में ग्राम प्रधान आकाश के आवास पर जिला अध्यक्ष दक्ष नागर की अध्यक्षता में हुई। बैठक का संचालन नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष मुरादनगर पंकज चौधरी ने किया। कार्यक्रम में पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया तथा संगठन विस्तार के तहत आधा दर्जन पदाधिकारियों को मनोनयन पत्र और दायित्व सौंपे गए।
बैठक को संबोधित करते हुए दक्ष नागर ने कहा कि किसानों के लिए सबसे बड़ी समस्या सर्किल रेट है। सर्किल रेट कम होने से जीडीए और अन्य अधिग्रहण करने वाली संस्थाएं किसानों की भूमि का उचित मूल्य नहीं देतीं। उन्होंने कहा कि सर्किल रेट बढ़ाने के लिए सभी किसानों को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा। साथ ही लाल डोरा क्षेत्र के मकानों की सुरक्षा के लिए भी संगठित प्रयास जरूरी हैं, ताकि प्रशासन या जीडीए उन्हें अवैध बताकर कार्रवाई न कर सके।
इस दौरान आकाश प्रधान को जिला उपाध्यक्ष, पंकज चौधरी को ब्लॉक अध्यक्ष मुरादनगर, राजेश उर्फ सोनू पांचाल को ब्लॉक अध्यक्ष रजापुर, आशीष त्यागी को ग्राम अध्यक्ष बहादुरपुर और कुलदीप चौधरी को ग्राम अध्यक्ष मिलकचकरपुर का दायित्व सौंपा गया। कार्यक्रम में सैकड़ों ग्रामीणों ने भाकियू (अनाज) की सदस्यता ग्रहण की। बैठक में सन्नी सैन, कृष्ण त्यागी, वीर सिंह नागर, पंकज राजपूत, राहुल बेदी, बिजेंदर खारी और अनिल चौधरी (सुल्तानपुर) सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

