
यूपी – गाजियाबाद। विश्व हिंदू परिषद–बजरंग दल के सेवा सप्ताह के अंतर्गत सोमवार सुबह कवीनगर के के-ब्लॉक में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया तथा लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की गई।
कार्यक्रम में विभाग संगठन मंत्री साहिल वालिया, महानगर उपाध्यक्षा काजल छिब्बर, महानगर सह मंत्री अश्विनी शर्मा तथा सह महानगर संयोजक, विधि प्रकोष्ठ पंकज की विशेष उपस्थिति रही। सभी पदाधिकारियों ने कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति की सुंदरता बढ़ाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि मानव जीवन, स्वच्छ पर्यावरण और संतुलित पारिस्थितिकी के आधार हैं। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक नागरिक को पौधरोपण के साथ-साथ उनकी देखरेख की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।
इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा हरित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि सेवा सप्ताह के माध्यम से समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प लेने के साथ हुआ।

