महाकवि डॉ. कुंअर बेचैन जयंती पर वाचन प्रतियोगिता, पांच छात्राएं सम्मानित

यूपी – गाजियाबाद। महाकवि डॉ. कुंअर बेचैन की 84वीं जयंती के अवसर पर देवप्रभा प्रकाशन की ओर से सिहानी गांव स्थित नगर निगम बालिका इंटर कॉलेज में पांचवीं कविता वाचन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 18 विद्यार्थियों ने डॉ. कुंअर बेचैन की कविताओं का प्रभावशाली वाचन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। श्रेष्ठ प्रस्तुति देने वाली अवनी को प्रथम, चांदनी को द्वितीय तथा आशु कुमारी को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। सांत्वना पुरस्कार दृष्टि और सपना को मिला। विजेताओं को गोल्ड मेडल, प्रमाण पत्र, उपहार एवं पुस्तकें भेंट की गईं, जबकि सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और पुस्तकें प्रदान की गईं।

प्रतियोगिता में यशवी, खुशनुमा, वैष्णवी त्यागी, आंचल, रेखा, राधा कुमारी, आकृतिका, कामिनी, वंशु गौतम, संजना, कनिष्का और सिमरन ने भी भाग लिया। निर्णायक के रूप में डॉ. वंदना श्रीवास्तव और अनिमेष शर्मा आतिश उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संकल्प श्रीवास्तव ने अपने स्वरबद्ध गीत प्रस्तुत किए, जबकि डॉ. वंदना श्रीवास्तव, अनिमेष शर्मा आतिश और कार्यक्रम संयोजक डॉ. चेतन आनंद ने काव्य पाठ कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। विशिष्ट अतिथि समीर बत्रा और तन्वी बत्रा ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए भविष्य में भी ऐसे साहित्यिक आयोजनों के सहयोग का भरोसा दिलाया। अंत में कॉलेज की प्रधानाचार्या सीमा पाहुजा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के समापन पर देवप्रभा प्रकाशन एवं अमित्र फाउंडेशन की ओर से सभी विद्यार्थियों को जलपान वितरित किया गया।