यूपी – गाजियाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें एपिसोड का रविवार को गाजियाबाद महानगर के सभी 2,244 बूथों और 362 सेक्टरों में सामूहिक श्रवण किया गया। कार्यक्रम महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल के नेतृत्व में आयोजित हुआ। ‘मन की बात’ के महानगर संयोजक आशीष चौधरी ने बताया कि सभी मंडल अध्यक्षों के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने प्रधानमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रक्षा क्षेत्र में भारत की बढ़ती आत्मनिर्भरता का उल्लेख करते हुए स्वदेशी युद्धपोत आईएनएस दुनागिरी, आईएनएस संशोधक और आईएनएस अग्रय के नौसेना में शामिल होने को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने ‘कैच द रेन’ अभियान के माध्यम से वर्षा जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने, मेघालय के लिविंग रूट ब्रिज और प्लास्टिक कचरा प्रबंधन की सराहना करते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए इको-फ्रेंडली गणेश प्रतिमाओं के उपयोग का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना जैसी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, प्राकृतिक खेती तथा वैश्विक परिस्थितियों के बीच ईंधन बचत और विवेकपूर्ण आर्थिक व्यवहार अपनाने का भी संदेश दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

