यूपी – नोएडा। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सेक्टर-21 स्थित इंदिरा स्टेडियम में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री (पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण) नरेंद्र कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और उन्होंने प्रतिभागियों के साथ योगाभ्यास किया।

इस अवसर पर विधायक तेजपाल नागर, एमएलसी चंद्र शर्मा एवं नरेंद्र भाटी, भाजपा जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा, जिलाधिकारी मेघा रूपम तथा ईसीईओ ग्रेटर नोएडा प्रेरणा सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों, विद्यार्थियों, खिलाड़ियों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि योग भारत की प्राचीन धरोहर है, जिसने आज विश्व स्तर पर पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि नियमित योग से शरीर स्वस्थ, मन मजबूत और जीवन संतुलित रहता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को मिली वैश्विक पहचान की सराहना की।
प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। कार्यक्रम के अंत में सभी को योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प दिलाया गया। इंदिरा स्टेडियम पूरा दिन योगमय वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा से गूंजता रहा।







