यूपी – गाजियाबाद। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग द्वारा आईएमएस कॉलेज, एनएच-9 डासना के विशाल प्रांगण में भव्य सामूहिक योग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करीब 5000 योग साधकों ने भाग लेकर योग प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा, भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़, मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ तथा क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. अशोक कुमार राना ने भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
अपने संबोधन में सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि स्वस्थ एवं निरोग जीवन के लिए प्रतिदिन योग करना आवश्यक है। उन्होंने योग के शारीरिक और मानसिक लाभों पर प्रकाश डालते हुए जिला प्रशासन और आयुष विभाग द्वारा किए गए भव्य आयोजन की सराहना की।
योगाचार्य यश पाराशर ने उपस्थित साधकों को योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया। उन्होंने तनाव, अनिद्रा, उच्च रक्तचाप और मधुमेह जैसी बीमारियों से बचाव में योग की उपयोगिता पर भी विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने सभी अतिथियों, योग साधकों और अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ. राकेश छारिया (मैनेजिंग ट्रस्टी, आईएमएस), ललित जायसवाल (चीफ वार्डेन, सिविल डिफेंस) तथा अनिल अग्रवाल (पूर्व डिप्टी चीफ वार्डेन, सिविल डिफेंस) को प्रतीक चिन्ह एवं पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के एडीएम, सिटी मजिस्ट्रेट, जिला विकास अधिकारी, जिला परियोजना अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।







