यूपी – गाजियाबाद। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयकर कार्यालय, गाजियाबाद में प्रधान आयकर आयुक्त दीपिका मित्तल के मार्गदर्शन में योग कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मुख्य आयकर आयुक्त डॉ. रेनुका जैन गुप्ता रहीं। उन्होंने योग को स्वस्थ, तनावमुक्त और संतुलित जीवन की आधारशिला बताते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नियमित रूप से योग करने के लिए प्रेरित किया।
योग कार्यक्रम में आयकर विभाग के बड़ी संख्या में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान संजय चौरसिया, नवाब सिंह, अजय कुमार, विकास दहिया, विश्वम्भर झा, सचिन बैंसला, महेश कुमार, सुषमा सिंघल और एकता मित्तल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
योग प्रशिक्षकों ने उपस्थित सभी लोगों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की क्रियाओं का अभ्यास कराया तथा उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े लाभों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक एकाग्रता, कार्य क्षमता और सकारात्मक सोच को भी बढ़ावा देता है। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने के संकल्प के साथ किया गया।







