यूपी – लोनी (गाजियाबाद)। जनपद गाजियाबाद में अवैध कब्जों और अवैध निर्माणों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला प्रशासन ने ट्रॉनिका सिटी के सेक्टर सी-1 क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए यूपीसीडा की भूमि पर अवैध रूप से निर्मित मजार को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई।

प्रशासन के अनुसार संबंधित मजार सरकारी भूमि पर बिना अनुमति के बनाई गई थी। नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करते हुए भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं एसडीएम लोनी दीपक सिंघनवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों तथा जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ के नेतृत्व में जनपदभर में अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण स्वीकार नहीं किया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डीसीपी ग्रामीण सुरेन्द्रनाथ तिवारी ने बताया कि अवैध निर्माण कराने वाले लोगों के विरुद्ध भी विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि भूमाफियाओं और सरकारी जमीन पर कब्जा करने वाले तत्वों के खिलाफ प्रशासन और पुलिस का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।







