यूपी – हापुड़/पिलखुवा। अंबेडकर मिशन शिक्षा ट्रस्ट द्वारा आर्य नगर स्थित डॉ. अंबेडकर भवन में “एक कदम शिक्षा की ओर” विषय पर करियर काउंसलिंग सेमिनार का आयोजन किया गया। इसमें 12वीं पास, अध्ययनरत तथा स्नातक स्तर के अनुसूचित जाति वर्ग के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
सेमिनार में ट्रस्ट के फैकल्टी इंजीनियर प्रदीप कुमार ने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं और करियर विकल्पों की जानकारी देते हुए कहा कि शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य का आधार है। उन्होंने बताया कि मिशन कोचिंग से अब तक 59 विद्यार्थी विभिन्न सरकारी सेवाओं में चयनित हो चुके हैं। जल्द ही ऑनलाइन कक्षाएं भी शुरू की जाएंगी तथा आईआईटी, नीट, पीसीएस, पीसीएस-जे और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए “सुपर-50” विशेष बैच संचालित किया जाएगा।
फैकल्टी मुरली सिंह ने छात्रों से सोशल मीडिया, विशेषकर इंस्टाग्राम पर समय बर्बाद न करने और शिक्षा पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया। उन्होंने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के “शिक्षित बनो” संदेश को अपनाने पर जोर देते हुए युवाओं को संवैधानिक और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी।
कार्यक्रम संयोजक पदम सिंह गौतम ने कहा कि बढ़ती प्रतिस्पर्धा के दौर में उच्च शिक्षा और कठिन परिश्रम सफलता की कुंजी है। धम्मचारिणी प्रज्ञा कीर्ति ने बुद्ध वंदना का संगायन किया। कार्यक्रम का संचालन पदम सिंह गौतम ने किया। सेमिनार में मास्टर सुनील कुमार, राहुल, गगन कुमार, पुष्कर वर्मा और पवन ने सहयोग किया।






