यूपी – गाजियाबाद। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर जलकल विभाग ने विजयनगर क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में गंगाजल आपूर्ति का ट्रायल शुरू कर दिया है। महाप्रबंधक जल कामाख्या प्रसाद आनंद के नेतृत्व में विभागीय टीम ने वार्ड संख्या 48 मिर्जापुर, 14 सर्वोदय नगर, 15 प्रताप विहार एल ब्लॉक, 58 शिवपुरी, 3 पुराना विजयनगर, 51 केलाखेड़ा तथा 55 सेक्टर-11 प्रताप विहार डी ब्लॉक समेत आठ वार्डों में ट्रायल के रूप में गंगाजल पहुंचाया।

गंगाजल मिलने पर क्षेत्रवासियों और जनप्रतिनिधियों ने खुशी जताते हुए नगर निगम का आभार व्यक्त किया। पार्षद ओमप्रकाश और पार्षद साजिदा ने नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक को पत्र लिखकर धन्यवाद दिया।
महाप्रबंधक जल कामाख्या प्रसाद आनंद ने बताया कि विजयनगर के लगभग 11 वार्डों में गंगाजल पहुंचाने की योजना है। वर्तमान में आठ वार्डों में ट्रायल चल रहा है, जबकि वार्ड संख्या 4 माता कॉलोनी और वार्ड संख्या 25 अंबेडकर नगर-शंकरपुरी में पाइपलाइन मरम्मत और लीकेज ठीक करने का कार्य जारी है। अगले एक सप्ताह में इन क्षेत्रों में भी गंगाजल आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। वहीं वार्ड संख्या 26 भूर भारत नगर में भी गंगाजल सप्लाई की तैयारी चल रही है।
उन्होंने बताया कि छह जल टंकियों के माध्यम से गंगाजल की आपूर्ति की जा रही है और विभागीय कर्मचारियों को संचालन संबंधी प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।






