यूपी – गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की पहल पर राजनगर एक्सटेंशन में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम परियोजना को नई गति मिली है। प्राधिकरण ने विस्तृत अध्ययन और विचार-विमर्श के बाद परियोजना का प्रस्ताव शासन को अनुमोदन के लिए भेज दिया है।
जीडीए द्वारा कराए गए परीक्षण में पाया गया कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में वर्तमान में अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम नहीं है। गाजियाबाद की बेहतर कनेक्टिविटी, रणनीतिक स्थिति और तेजी से हो रहे शहरी विकास को देखते हुए इसे इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए उपयुक्त माना गया है।
जीडीए के निर्देशन में प्राधिकरण अधिकारियों ने उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के साथ कई दौर की बैठकों में परियोजना के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। इसके बाद यूपीसीए ने संयुक्त उपक्रम (ज्वाइंट वेंचर) मॉडल के तहत परियोजना विकसित करने पर सिद्धांततः सहमति प्रदान की।
प्राधिकरण बोर्ड ने भी प्रस्ताव पर विचार कर आवश्यक संस्तुतियां दीं, जिसके आधार पर इसे शासन को भेजा गया है। प्रस्तावित परियोजना में अंतरराष्ट्रीय मानकों वाला क्रिकेट स्टेडियम, क्रिकेट अकादमी, प्रशिक्षण केंद्र, फिटनेस एवं स्पोर्ट्स साइंस सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
जीडीए के अनुसार परियोजना के साकार होने से गाजियाबाद को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी तथा पर्यटन, होटल, परिवहन, व्यापार और सेवा क्षेत्र में निवेश व रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। यह परियोजना प्रदेश की खेल अवसंरचना को भी नई मजबूती प्रदान करेगी।






