यूपी – गाजियाबाद। बार एसोसिएशन सभागार परिसर में स्थित पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनकी 39वीं पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर अधिवक्ताओं ने उनके आदर्शों और सिद्धांतों पर चलने का संकल्प लिया।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ब्रह्म देव त्यागी ने कहा कि गाजियाबाद बार एसोसिएशन के लिए यह गौरव की बात है कि चौधरी चरण सिंह यहां अधिवक्ता के रूप में वकालत कर चुके हैं। उन्होंने हमेशा सत्य और न्याय का साथ दिया तथा प्रधानमंत्री बनकर बार एसोसिएशन का नाम देशभर में गौरवान्वित किया।
सचिव वरुण त्यागी एडवोकेट ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ईमानदारी और सिद्धांतों के प्रतीक थे। वरिष्ठ अधिवक्ता चौधरी अजय वीर सिंह ने कहा कि उन्होंने किसानों और मजदूरों की आवाज को सत्ता के गलियारों तक पहुंचाने का कार्य किया। पूर्व अध्यक्ष अमर पाल सिंह तेवतिया ने कहा कि जमींदारी उन्मूलन अधिनियम के माध्यम से किसानों को उनकी जमीन का मालिक बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। पूर्व अध्यक्ष विजय पाल सिंह राठी ने कहा कि किसान आज भी उन्हें अपना मसीहा मानते हैं।
कार्यक्रम में अनीश चौधरी, रणवीर सिंह डागर, सत्य केतु सिंह, नाहर सिंह यादव, राकेश जैन, शिव कुमार गुप्ता, राजेन्द्र चौधरी, नरेश चौधरी, विजय गौड़, अमित नेहरा, विनीत चौधरी, अयूब उम्मेद, नितिन यादव, आदेश गर्ग, विनय चौधरी, औरंगजेब तथा अरुण त्यागी सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।






