यूपी – गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य सरदार एस. पी. सिंह ने दिल्ली में पूर्व केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी से मुलाकात कर उन्हें ईद की मुबारकबाद दी। इस दौरान दोनों नेताओं ने देशवासियों की खुशहाली, आपसी भाईचारे और देश में साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की कामना की।
मुलाकात के दौरान मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि ईद केवल खुशियों का त्योहार नहीं, बल्कि त्याग, समर्पण और कुर्बानी का संदेश देने वाला पर्व है। उन्होंने कहा कि हर नागरिक को राष्ट्रहित में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए देश की प्रगति में सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में भारत ने मजबूत नेतृत्व और बेहतर कार्यशैली के कारण दुनिया में अलग पहचान बनाई है।
नकवी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को सक्षम और दूरदर्शी सरकार मिली है, जिसने हर संकट के समय प्रभावी भूमिका निभाई है। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार और समाज के सामूहिक प्रयास, संयम, समझदारी और सावधानी से भारत हर वैश्विक चुनौती का सफलतापूर्वक सामना करेगा।






