यूपी – गाजियाबाद। मेरठ-सहारनपुर शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा द्वारा दोबारा प्रत्याशी बनाए जाने पर विधायक शिक्षक श्रीचंद शर्मा के सम्मान में रोज़ बेल पब्लिक स्कूल में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा जगत से जुड़े अनेक शिक्षाविदों, प्रबंधकों और समाजसेवियों ने भाग लेकर उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा आगामी चुनाव में जीत की कामना की।
समारोह को संबोधित करते हुए श्रीचंद शर्मा ने शिक्षक मतदाताओं से लोकतंत्र के महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की एकजुटता शिक्षा व्यवस्था और समाज को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने मतदान प्रक्रिया की जानकारी देते हुए सभी शिक्षकों से जागरूक होकर मतदान करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मौजूद शिक्षाविदों ने विश्वास जताया कि श्रीचंद शर्मा इस बार भी ऐतिहासिक जीत दर्ज कर शिक्षकों की आवाज को मजबूती से सदन तक पहुंचाएंगे।
इस अवसर पर रोज़ बेल पब्लिक स्कूल के चेयरमैन सरदार जोगेंद्र सिंह, प्रिंसिपल धर्मजीत कौर, अर्जुन शर्मा, नरेंद्र बिल्लू, अनिल कुमार शर्मा, आशीष गौतम, यशवीर नागर, बलराम रावल और सीताराम सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन शिक्षक सम्मान और एकजुटता के संकल्प के साथ हुआ।






