यूपी – गाजियाबाद जनपद के भोजपुर न्याय पंचायत स्थित पंचायत भवन में मंगलवार रात ग्राम जन चौपाल कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जिलाधिकारी रविंद्र कुमार माँदड़ ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को मौके पर समाधान के निर्देश दिए। कार्यक्रम शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने और ग्रामीण समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख सुचेता सिंह और मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। चौपाल में ग्रामीणों ने पेयजल, बिजली, सड़क, आवास, पेंशन, राशन, सिंचाई, स्वच्छता और राजस्व संबंधी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार माँदड़ ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि प्रशासन स्वयं गांवों तक पहुंचे और लोगों की समस्याओं का समाधान उनके द्वार पर ही किया जाए। मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने ग्रामीण विकास योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार गांवों के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। वहीं ब्लॉक प्रमुख सुचेता सिंह ने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।






