यूपी – गाजियाबाद। नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का आयोजन कांग्रेस महिला अध्यक्ष अलका लांबा के निर्देशन में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं और युवाओं ने भाग लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉली त्यागी के नेतृत्व में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। अभियान के तहत महिलाओं और छात्राओं ने हस्ताक्षर कर नीट परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ियों के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग की।
डॉली त्यागी ने कहा कि नीट परीक्षा में हुई अनियमितताओं से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। मेहनत करने वाले छात्रों के साथ अन्याय हुआ है और सरकार इस मामले में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
अलका लांबा ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कांग्रेस पार्टी छात्रों के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी। प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भी भेजा गया।






