यूपी – मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार में स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने शुक्रवार को चरथावल विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर शोक संतप्त परिवारों से मुलाकात की और उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ग्राम धौलरी पहुंचे, जहां उन्होंने बुलंदशहर की घटना में दिवंगत रवित कश्यप के परिजनों, पत्नी और बच्चों से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी से दूरभाष पर वार्ता कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए तथा परिवार को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी।
इसके बाद मंत्री नरेंद्र कश्यप ग्राम भोपा पहुंचे और दिवंगत अजय कश्यप के परिवार से मिलकर 25 हजार रुपये की सहायता प्रदान की। उन्होंने जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी, समाज कल्याण विभाग और श्रम विभाग के अधिकारियों को पीड़ित परिवार की मदद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंत्री नरेंद्र कश्यप ने ग्राम पीपलहेड़ा में राहुल ठाकुर के परिवार, ग्राम पीपलशाह में अनिल पुंडीर के परिवार तथा ग्राम चौकड़ा में वीरू त्यागी के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। दौरे के दौरान उन्होंने सुमित प्रधान, मदन कश्यप, विशांक चौधरी, सहेन्द्र कश्यप और रवि कश्यप से भी भेंट कर क्षेत्रीय समस्याओं पर चर्चा की।






