समानता, शिक्षा और संघर्ष के संदेश को बताया विकास की नींव
यूपी – गाजियाबाद। डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर जनपद में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनमें उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने भाग लेकर बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि आज देश की प्रगति में अंबेडकर के विचारों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
नरेंद्र कश्यप ने कहा कि “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” का संदेश आज भी प्रासंगिक है और समाज को नई दिशा दे रहा है। उन्होंने बताया कि बाबा साहब अब किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं, बल्कि पूरे समाज के प्रेरणास्रोत बन चुके हैं।
उन्होंने कहा कि बाबा साहब के विचारों का प्रभाव देश ही नहीं, बल्कि विश्व स्तर पर भी देखा जा रहा है। संविधान निर्माण के माध्यम से उन्होंने सभी नागरिकों को समान अधिकार दिलाने का ऐतिहासिक कार्य किया।
मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा बाबा साहब को दिए जा रहे सम्मान का भी उल्लेख किया। इस अवसर पर उन्होंने नवयुग मार्केट और विजयनगर क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेकर लोगों को उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





