यूपी – गाजियाबाद। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में गाजियाबाद महानगर में मातृशक्ति द्वारा भव्य बाइक रैली निकाली गई। रैली दुर्गा भाभी चौक से शुरू होकर महारानी लक्ष्मीबाई चौक तक पहुंची, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर कानून के प्रति अपना समर्थन जताया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महिला आयोग सदस्य हिमानी अग्रवाल और महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इस अधिनियम के माध्यम से लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे उनकी राजनीतिक भागीदारी मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अंत्योदय के सिद्धांत पर कार्य करते हुए समाज के हर वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास कर रही है। महिलाओं को राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकता है।
रैली में महिलाओं ने रानी लक्ष्मीबाई, महारानी दुर्गावती सहित विभिन्न वीरांगनाओं का वेश धारण कर उत्साह दिखाया और समाज से इस पहल का समर्थन करने की अपील की।
इस अवसर पर ऋचा भदौरिया, प्रीति चंद्रा, ऊषा चौधरी, शिरोमणि त्यागी, विदुषी बंसल, गौरव चोपड़ा, प्रदीप चौहान, राम त्यागी, सचिन डेढा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और महिलाएं मौजूद रहीं।





