यूपी – गाजियाबाद। वसुंधरा स्थित मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के विवेकानंद सभागार में महावीर जयंती, बैसाखी तथा डॉ. अम्बेडकर जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने गीत, भाषण, स्लोगन और कविता पाठ के माध्यम से भगवान महावीर और डॉ. भीमराव अम्बेडकर के आदर्शों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

संस्थान की डायरेक्टर डॉ. अलका अग्रवाल ने कहा कि सभी धर्म समाज में समानता, शांति और सह-अस्तित्व का संदेश देते हैं। उन्होंने महावीर के “जियो और जीने दो” सिद्धांत तथा अहिंसा के मार्ग को वर्तमान समय में अत्यंत प्रासंगिक बताया। साथ ही डॉ. अम्बेडकर के सामाजिक न्याय, समता और संविधान निर्माण में योगदान को भी रेखांकित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन व पुष्पांजलि से हुई। इसके बाद बी.एड, एचएसएस, बीबीए, बीसीए और एलएलबी के विद्यार्थियों—खुशबू, मुस्कान, तृप्ति जैन, अनीस, रितु, हर्ष, यथार्थ, लीना, जिया चौहान, करिश्मा, रुबी समूह व प्रिया समूह ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। संचालन साक्षी व सिमरन ने किया। इस अवसर पर संस्थान का शिक्षण स्टाफ और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।





