
यूपी – गाजियाबाद। भाटी वॉलीबॉल क्लब की ओर से संजय नगर स्थित ग्रीन फील्ड मैदान में द्वितीय डे-नाइट वॉलीबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों की 35 टीमों के लगभग 250 खिलाड़ियों ने भाग लिया।

12 अप्रैल को टूर्नामेंट के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में थर्मोकूल होम एप्लायंसेज लिमिटेड के सीएमडी राजीव कुमार गुप्ता मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल जगत में युवा ही देश का भविष्य हैं। मेहनत, ईमानदारी और समर्पण के साथ खेलते हुए खिलाड़ी एक दिन देश का नाम रोशन कर सकते हैं और करोड़ों युवाओं के लिए प्रेरणा बन सकते हैं।
राजीव कुमार गुप्ता ने कहा, “जो खेलेगा वो खिलेगा”, इसलिए खिलाड़ियों को कभी हार नहीं माननी चाहिए और हमेशा अपना मनोबल ऊंचा रखना चाहिए। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।

इस अवसर पर राजीव कुमार गुप्ता ने सफल आयोजन के लिए आयोजक नितिन भाटी, सूरज चौरसिया और अमित चौधरी को बधाई दी। साथ ही विजेता टीमों के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए थर्मोकूल स्मार्ट एलईडी टीवी, इंडक्शन चूल्हा, कूकर, जूसर मिक्सर ग्राइंडर और आयरन आदि उपहार स्वरूप भेंट किए।
कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति द्वारा मुख्य अतिथि राजीव कुमार गुप्ता को सम्मान प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।





