यूपी – गाजियाबाद। जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के अंतर्गत नंदग्राम स्थित एसबीएन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नंदग्राम पुलिस टीम ने छात्रों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और उन्हें इससे दूर रहने के लिए प्रेरित किया।
पुलिसकर्मियों ने छात्रों को संबोधित करते हुए बताया कि नशा न केवल स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, बल्कि यह सामाजिक और पारिवारिक जीवन को भी प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
इस अवसर पर एसबीएन ग्रुप के संस्थापक राजेन्द्र रावत, चेयरपर्सन पुष्पा रावत और डायरेक्टर तरुण रावत ने भी छात्रों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को सही दिशा में मार्गदर्शन देना समाज की जिम्मेदारी है और नशा मुक्त समाज के निर्माण में शिक्षण संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
कार्यक्रम के दौरान सभी छात्रों को नशा मुक्त जीवन जीने की शपथ दिलाई गई और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए आगे आने का संदेश दिया गया। पुलिस द्वारा ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लगातार चलाए जा रहे हैं, जिससे युवाओं को नशे के खतरे से बचाकर एक स्वस्थ और सुरक्षित समाज का निर्माण किया जा सके।





