यूपी – गाजियाबाद। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के कथित आपत्तिजनक बयान के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा पुतला दहन के ऐलान के बाद शुक्रवार को पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया। प्रशासन ने किसी भी स्थिति में पुतला दहन न होने देने के लिए सख्त कदम उठाए।
सुबह से ही पुलिस बल कांग्रेस जिला कार्यालय के बाहर तैनात रहा और कार्यकर्ताओं को कार्यालय से बाहर निकलने से रोका गया। इस दौरान स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई थी।
वहीं, कांग्रेस महानगर उपाध्यक्ष एवं मंडल प्रभारी दिनेश कांत मेहता को उनके कवि नगर स्थित आवास पर पुलिस द्वारा हाउस अरेस्ट किया गया, ताकि वह पुतला दहन कार्यक्रम में शामिल न हो सकें। उनके साथ कांग्रेस महानगर महासचिव यश कौशिक को भी उनके निवास पर ही रोके रखा गया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं में इस कार्रवाई को लेकर नाराजगी देखी गई। उनका कहना है कि शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन लोकतांत्रिक अधिकार है, जिसे रोका नहीं जाना चाहिए। वहीं, पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया।





