यूपी – गाजियाबाद, 10 अप्रैल 2026। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ, जनपद गाजियाबाद के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जनगणना 2026 में शिक्षकों, अनुदेशकों, शिक्षामित्रों व अन्य कार्मिकों की ड्यूटी उनके मूल विद्यालय या निवास क्षेत्र में लगाए जाने की मांग की है।
ज्ञापन में संघ ने कहा कि वर्तमान में जनगणना ड्यूटी के लिए कार्मिकों की तैनाती दूर-दराज क्षेत्रों में किए जाने की संभावना है, जिससे कार्य निष्पादन में कठिनाइयां उत्पन्न हो सकती हैं। संघ ने सुझाव दिया कि संबंधित अध्यापक व कर्मचारी जहां कार्यरत हैं या जहां उनका निवास है, उसी गांव, वार्ड या विकास क्षेत्र में उनकी ड्यूटी लगाई जाए, ताकि जनगणना कार्य सुचारु, प्रभावी और समयबद्ध तरीके से संपन्न हो सके।
प्रतिनिधिमंडल में दर्शन कुमार बंसल (जिला अध्यक्ष), देवेंद्र कुमार (वरिष्ठ उपाध्यक्ष), अवधेश गौड़, सआदत अली (कोषाध्यक्ष), ललित टोंक (ब्लॉक अध्यक्ष भोजपुर) और डॉ. प्रवीण कुमार शामिल रहे।
संघ पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपेक्षा जताई है, जिससे कर्मचारियों को सुविधा मिल सके और जनगणना कार्य में बेहतर परिणाम प्राप्त हो सकें।





