यूपी – गाजियाबाद। सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय संस्था “एक कदम लक्ष्य की ओर फाउंडेशन” के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की घोषणा की गई है। वरिष्ठ समाजसेवी जितेंद्र गौड़ को संस्थापक अध्यक्ष तथा सुनील यादव को राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
संस्था का पंजीकरण राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में कराया गया है, जिसका कार्यक्षेत्र पूरे देश में रहेगा। नव नियुक्त संस्थापक अध्यक्ष जितेंद्र गौड़ ने बताया कि संस्था महिलाओं, गरीबों, बच्चों और शिक्षा के क्षेत्र में कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि आगामी सप्ताह में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा की जाएगी, जिसके बाद एक दर्जन से अधिक राज्यों में प्रदेश इकाइयों का गठन किया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि संस्था में स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक कार्यों में रुचि रखने वाले युवाओं को जोड़ते हुए उन्हें विभिन्न जिम्मेदार पदों पर नियुक्त किया जाएगा। निकट भविष्य में संस्था द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न राज्यों के पदाधिकारी भाग लेंगे और संगठन की आगामी रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
इस अवसर पर जितेंद्र गौड़ और सुनील यादव को नई जिम्मेदारी मिलने पर उनके शुभचिंतकों, मित्रों, समाजसेवियों एवं गणमान्य लोगों ने बधाई देते हुए संस्था के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।





