यूपी – गाजियाबाद, 1 अप्रैल 2026। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने प्रवर्तन जोन-08 क्षेत्र में बिना मानचित्र स्वीकृति के संचालित वेयरहाउसों और अवैध निर्माणों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कई परिसरों को सील कर दिया। यह कार्रवाई प्राधिकरण उपाध्यक्ष के निर्देश पर अवैध निर्माण और अनधिकृत कॉलोनियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।

प्रभारी प्रवर्तन जोन-08 के नेतृत्व में उ.प्र. नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम, 1973 की संबंधित धाराओं के अंतर्गत करहेड़ा क्षेत्र के खसरा संख्या-3050 पर अशोक (मास इंडस्ट्रीज प्रा. लि.) द्वारा संचालित वेयरहाउस को सील किया गया। इसके अलावा रामपार्क मेन, पुस्ता सर्विस रोड करहेड़ा और रामपार्क पुस्ता रोड लोनी में मोनू सिंह, संजय चौहान, सुशील त्यागी, सतेंद्र चौहान, निमित लोथरा, जितेंद्र चौहान और अनिल द्वारा बनाए गए अवैध वेयरहाउस और निर्माणों पर भी सीलिंग की कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान निर्माणकर्ताओं ने विरोध किया, लेकिन प्राधिकरण पुलिस और स्थानीय पुलिस बल की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित कर अभियान जारी रखा गया। जीडीए ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।





