यूपी – गाजियाबाद/मोदीनगर। प्राधिकरण उपाध्यक्ष के निर्देश पर अवैध निर्माण और अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध 25 फरवरी 2026 को प्रवर्तन जोन-02 के प्रभारी के नेतृत्व में बड़ी कार्रवाई की गई। मोदीनगर क्षेत्र में लगभग 52 बीघा क्षेत्रफल में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाकर सड़क, बाउंड्रीवॉल और साइट ऑफिस ध्वस्त कर दिए गए।
कार्रवाई के तहत ग्लोब शाईन बिल्डर एंड डेवलपर्स प्रा. लि. द्वारा निरंजन फौजदार और अनुज चौधरी के माध्यम से खसरा संख्या 396, औरंगाबाद गदाना, हापुड़ रोड, मोदीनगर स्थित करीब 30 हजार वर्गमीटर भूमि पर किए जा रहे अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया। यहां छह माह पूर्व बाउंड्रीवॉल, सड़क निर्माण और मिट्टी भराव का कार्य शुरू किया गया था।
इसके अलावा खसरा संख्या 10 व 11, ललितपुर तिबड़ा, मोदीनगर में विनोद पुत्र जसवंत, लोकेन्द्र पुत्र महेंद्र सिंह, ज्ञानेन्द्र कुमार पुत्र महेंद्र सिंह, रूबी पुत्री सतेंद्र, नीतू पुत्री सतेंद्र और अरुणा पत्नी सतेंद्र द्वारा लगभग 22 हजार वर्गमीटर में की जा रही अवैध प्लाटिंग और निर्माण पर भी कार्रवाई की गई।
ध्वस्तीकरण के दौरान निर्माणकर्ताओं ने विरोध किया, लेकिन पुलिस बल और प्राधिकरण प्रवर्तन दस्ते की मौजूदगी में कार्रवाई पूरी की गई। मौके पर सहायक अभियंता, अवर अभियंता व प्रवर्तन जोन-02 का स्टाफ उपस्थित रहा।






