यूपी – गाजियाबाद। महापर्व होली को लेकर गाजियाबाद नगर निगम ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर स्वास्थ्य, जलकल और निर्माण विभाग सक्रिय रूप से व्यवस्थाएं संभाल रहे हैं। निर्माण विभाग द्वारा शहर में 250 से अधिक स्थानों पर होलिका दहन से पूर्व मिट्टी डलवाई जा रही है तथा सीधे सड़क पर होलिका दहन न करने की अपील की गई है। मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी ने पार्षदों से समन्वय कर तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
निगम के अनुसार वसुंधरा में 15, कवि नगर में 100, विजयनगर में 28, सिटी जोन में 104, इंदिरापुरम में 10 और मोहन नगर में 29 स्थानों पर मिट्टी डालने का कार्य किया जा रहा है। महाप्रबंधक जल कामाख्या प्रसाद आनंद ने बताया कि जरूरत पड़ने पर टैंकरों की व्यवस्था की जाएगी तथा रंग वाली होली पर सुबह-शाम के साथ दोपहर में भी जलापूर्ति होगी।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश ने बताया कि होलिका दहन के बाद विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने नागरिकों से स्वच्छता और सुरक्षा का ध्यान रखते हुए हर्षोल्लास के साथ होली मनाने की अपील की है।






