यूपी – गाजियाबाद। मकनपुर वार्ड 57 में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए 4400 मीटर लंबी नई पानी की पाइपलाइन का उद्घाटन पार्षद राधेश्याम त्यागी द्वारा किया गया। इस अवसर पर ग्राम मकनपुर के स्थानीय निवासी, गणमान्य नागरिक और क्षेत्र के सम्मानित लोग मौजूद रहे।
वार्ड 57 के लोगों को काफी समय से पानी की कमी और अनियमित आपूर्ति का सामना करना पड़ रहा था। नई पाइपलाइन के शुरू होने से अब सैकड़ों परिवारों को नियमित और स्वच्छ जल आपूर्ति मिल सकेगी। इससे क्षेत्रवासियों की दैनिक जरूरतें सुचारु रूप से पूरी होंगी और जल संकट से राहत मिलेगी।
उद्घाटन समारोह में पार्षद राधेश्याम त्यागी ने कहा कि क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि पानी जैसी आवश्यक सुविधा को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए गए, जिसका परिणाम आज जनता के सामने है। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी वार्ड के विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों ने पार्षद राधेश्याम त्यागी के प्रयासों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया और क्षेत्र में ऐसे विकास कार्यों के निरंतर जारी रहने की उम्मीद जताई।






