यूपी – गाजियाबाद। श्री गुरु नानक इंटर कॉलेज में 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को भावभीनी विदाई दी गई। समारोह का शुभारंभ कॉलेज अध्यक्ष सरदार मनजीत सिंह ने रिबन काटकर किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया, वहीं बच्चों ने भी अध्यक्ष, प्रबंधक व प्रधानाचार्य को तिलक कर सम्मान प्रकट किया।

अध्यक्ष सरदार मनजीत सिंह ने विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि कॉलेज और विद्यार्थियों का रिश्ता प्रवेश के दिन से ही गुरु नानक परिवार से जुड़ जाता है, जो 12वीं के बाद और मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि गुरु नानक परिवार के द्वार विद्यार्थियों के लिए सदैव खुले रहेंगे और वे कभी स्वयं को अकेला न समझें। उन्होंने वाहेगुरु से बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, सुख-समृद्धि और सफलता की अरदास की।
प्रधानाचार्य अनीता पवार ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुनहरे भविष्य की कामना की। इस अवसर पर कॉलेज प्रबंधक गुरजीत सिंह हंसपाल भी उपस्थित रहे। शिक्षकों के सहयोग से आयोजित समारोह में विद्यार्थियों ने नृत्य-संगीत प्रस्तुत कर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। कार्यक्रम के अंत में केक, चॉकलेट, टॉफी व लंच की व्यवस्था की गई।







