यूपी – गाजियाबाद लोक शिक्षण अभियान ट्रस्ट द्वारा ज्ञानपीठ केन्द्र-1, स्वरूप पार्क, जीटी रोड, साहिबाबाद के प्रांगण में महिला हॉकी लीग में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाली फिजियोथेरिपिस्ट वंदना तंवर का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में 17 वर्षों के अनुभव वाली वंदना तंवर को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सिल्वर मेडल प्रदान किया गया।
रांची, झारखंड में आयोजित महिला हॉकी लीग के दौरान वंदना तंवर ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ संतुलित एवं पौष्टिक आहार संबंधी सुझाव दिए, जिससे खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता में उल्लेखनीय सुधार हुआ। प्रतियोगिता के दौरान चोटिल खिलाड़ियों को मालिश, गर्म व ठंडी सिकाई तथा आधुनिक तकनीकों के माध्यम से उपचार कर उन्होंने उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनाया। 10 जनवरी को हुए फाइनल मुकाबले में सराची बंगाल टाइगर्स टीम ने दिल्ली एसजी पाइपर को 3-2 से पराजित कर सिल्वर पदक प्राप्त किया। इस सफलता में कोच दीपक ठाकुर के अनुभव और नेतृत्व की भी सराहना की गई।
इस अवसर पर समाज सेविका फूलमती यादव ने वंदना तंवर का माल्यार्पण कर स्वागत किया। लोक शिक्षण अभियान ट्रस्ट के संस्थापक एवं अध्यक्ष राम दुलार यादव के नेतृत्व में विद्वानों और ज्ञानपीठ सदस्यों की उपस्थिति में सम्मान समारोह संपन्न हुआ। कार्यक्रम में अरुण मौर्य, झारखंडे गुप्ता, अमृतलाल चौरसिया, जगन्नाथ प्रसाद, रामेश्वर यादव, राजेन्द्र सिंह, हरेन्द्र यादव, ब्रह्म प्रकाश, अनिल मिश्र, विजय भाटी, मुनीव यादव, हरिकृष्ण, राजेन्द्र यादव और सुभाष यादव उपस्थित रहे। संचालन अनिल मिश्र ने किया तथा पंडित विनोद त्रिपाठी ने ज्ञानपीठ संदेश का वाचन किया।







