यूपी – गाजियाबाद। मकर संक्रांति की पूर्व संध्या पर राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एन्क्लेव सोसाइटी में लोहड़ी पर्व का भव्य आयोजन किया गया। गुलमोहर एन्क्लेव आरडब्लूए की ओर से 13 जनवरी मंगलवार को आयोजित इस कार्यक्रम में सोसाइटी के सभी वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाया।
कार्यक्रम के दौरान सोसाइटी परिसर में गेट नंबर तीन के सामने पारंपरिक रूप से अग्नि प्रज्ज्वलित की गई। इसके बाद निवासियों ने एक-दूसरे को रेवड़ी, मूंगफली और पॉपकॉर्न बांटकर लोहड़ी की शुभकामनाएं दीं। ढोल की थाप और पंजाबी गीतों की मधुर धुनों ने माहौल को पूरी तरह उत्सवमय बना दिया, जिस पर बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी झूमते नजर आए। युवाओं ने इस अवसर पर बुजुर्गों का आशीर्वाद भी लिया।
आरडब्लूए कार्यकारिणी बोर्ड की सदस्य रश्मि चौधरी ने कहा कि लोहड़ी केवल पंजाब ही नहीं बल्कि पूरे देश का पर्व है, जिसे आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि लोहड़ी की रात वर्ष की सबसे लंबी रात मानी जाती है और इसके अगले दिन से दिन बड़े होने लगते हैं, जो नई ऊर्जा और सकारात्मकता का प्रतीक है।
आरडब्लूए के कोषाध्यक्ष किन्शुक बंसल ने कहा कि यह पर्व किसानों के लिए विशेष महत्व रखता है, क्योंकि यह नई फसल और समृद्धि का प्रतीक है।
इस अवसर पर रश्मि चौधरी, शालिनी गोयल, प्रभा शर्मा, अनुजा बंसल, कीर्ति पाहवा, निशि गुप्ता, अनुज बंसल, संजय बंसल, सीमा गुप्ता, शालिनी कक्कड़, राज किशोर शर्मा, अश्वनी, अरविंद सिंघल, गौरव बंसल, प्रभात गर्ग, दिनेश सिंह सहित सैकड़ों गुलमोहरवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम देर शाम तक उल्लास और उमंग के साथ चलता रहा।







